ललितपुर जेल में इमरजेंसी अलार्म बजा:सीओ सिटी, कोतवाल समेत पुलिसकर्मी जेल पहुंचे

ललितपुर जिला जेल में शनिवार रात करीब 9:15 बजे दो बार इमरजेंसी अलार्म सायरन बजने से हड़कंप मच गया। सायरन की आवाज सुनकर सीओ सिटी, शहर कोतवाल, सिविल लाइन, नई बस्ती और अमरपुर मंडी चौकी इंचार्ज सहित कई पुलिसकर्मी जेल पहुंचे। जेलर रामनरेश गौतम भी जेल से बाहर आए। रात लगभग 9:30 बजे सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी जेल के अंदर चले गए। हालांकि, जेल के अंदर क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सीओ सिटी अजय कुमार ने बताया कि वे अभी जेल में आए हैं और अंदर जाकर ही पता चलेगा कि इमरजेंसी अलार्म सायरन क्यों बजाया गया। बता दें कि 4 नवंबर को इसी जेल में बंद बागपत जिले के बदमाश ज्ञानेंद्र ढाका ने जेल के अंदर से मोबाइल फोन कर बागपत जिले के दिकोली गांव निवासी स्कूल प्रबंधक कृष्णपाल सिंह से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर बेटे की हत्या की धमकी भी दी गई थी। इस घटना के बाद 6 नवंबर को चेकिंग के दौरान ज्ञानेंद्र ढाका के पास से मोबाइल सिम बरामद की गई थी। इस मामले में जेल प्रशासन द्वारा जेलर जीवन सिंह, उप कारापाल प्रिंस बाबू सहित कई कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, ज्ञानेंद्र को सिम उपलब्ध कराने वाले ललितपुर निवासी सतीश यादव और मोबाइल पहुंचाने वाले जेल वार्डन भैयाजी उर्फ शिवराम को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि दोनों को जमानत मिल चुकी है।