ललितपुर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सोनाली जैन ने की, जबकि अधिशाषी अधिकारी दिनेश चंद्र विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। इस बैठक में शहर के विकास के लिए 51 करोड़ रुपए से अधिक के 232 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन स्वीकृत प्रस्तावों में सड़क, नाली, पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक के दौरान पार्षदों ने शहर में बार-बार की जा रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सुझाव दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एक बार में की जाए और उसके बाद दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। आगामी गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए भी चर्चा हुई। पार्षदों ने जल संस्थान को पत्र लिखकर पर्याप्त तैयारी करने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त, अमृत-2 योजना के तहत जल निगम द्वारा पेयजल लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की समय पर मरम्मत का मुद्दा भी उठाया गया। बोर्ड बैठक में पार्षद सोनसिंह यादव, मिथलेश कुशवाहा, मोहिनी दरौनिया, पुष्पा राजा, जानकी प्रसाद, रजनी रजक, उदयप्रताप यादव, अशोक कुमार पंथ, अफजुल रहमान, मो.मुस्तफा खां, दीपा कुशवाहा, सविता कुशवाहा, पूजा यादव, मनमोहन चौबे एड., शिवानी कुशवाहा, आलोक कुमार जैन मयूर, कीर्ति नायक, जगदीश यादव, रामकिंकर पटैरिया, मो.अब्दुल वारी, फरजाना बानो, रमेश कुमार उर्फ गांधी, धर्मवीर कुशवाहा, गिरीश पाठक, कर निर्धारण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, अवर अभियंता निधि पाण्डेय सहित अन्य पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।