ललितपुर में मंगलवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने कृषि रक्षा रसायनों की दुकानों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की। इस दौरान कुल 23 दुकानों की जांच की गई, जिनमें से 9 प्रतिष्ठानों से कृषि रक्षा रसायनों के नमूने संग्रहित किए गए। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर आवश्यक अभिलेख अधूरे पाए गए। वहीं, कुछ स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रसायन उपलब्ध नहीं थे। कार्रवाई में कुशवाहा बीज भंडार, बांसरी, सांधी ट्रेडर्स, अनुराग ट्रेडर्स (बानपुर), तथा भैरों बाबा कृषि सेवा केंद्र (जाखलौन) सहित पांच से अधिक प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ दुकानों पर किसानों को निर्धारित दरों पर कृषि रक्षा रसायनों का विक्रय किया जा रहा था। साथ ही, कुछ निजी विक्रय केंद्रों पर रसायनों की उपलब्धता मानक के अनुसार पर्याप्त मात्रा में थी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि किसानों के हित में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।