ललितपुर में खाद की कालाबाजारी का VIDEO:कृषि विभाग ने की कार्रवाई, दुकान का लाइसेंस निलंबित

ललितपुर में खाद की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन दुकानदारों द्वारा किसानों को खाद मंहगे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सोमवार को कस्बा जखौरा के एक खाद विक्रेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कृषि विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने संबंधित दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक खाद विक्रेता किसान को 1350 रुपए की मिलने वाली डीएपी खाद की बोरी 1800 रुपए में और दूसरी खाद की बोरी 1600 रुपए में बेचते हुए नजर आ रहा है। किसान ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो की जांच के बाद पता चला कि यह मामला जखौरा कस्बे स्थित एक खाद की दुकान का है।कृषि विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दुकानदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि वीडियो के आधार पर जखौरा के खाद विक्रेता का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।