ललितपुर में खेत में सिंचाई करते समय एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने सांप के डसने से मौत होने की आशंका जताई है। किसान को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्ला में हुई। ग्राम बिल्ला निवासी 34 वर्षीय भगवान सिंह पुत्र शीलचंद्र बुधवार शाम को गांव के पास स्थित अपने खेत पर सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। सिंचाई करने खेत में गए थे तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर परिजन खेत पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए शाम करीब 7 बजे मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि भगवान सिंह के परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। वह अपने दो भाइयों में छोटे थे और खेती-किसानी करके ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने पुनः आशंका व्यक्त की है कि उनकी मौत सांप के डसने के कारण हुई है।