लव मैरिज के 6 महीने बाद युवक ने जान दी:झांसी में पत्नी कहती थी- शौक पूरे करो, नहीं तो दूसरी शादी कर लूंगी

झांसी में लव मैरिज के 6 महीने बाद युवक ने सुसाइड कर लिया। उसके माता-पिता और 2 बहनें दर्शन के लिए कामाख्या देवी मंदिर गई थीं। युवक घर पर अकेला था। 2 दिन से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। बुधवार को परिवार घर पहुंचा तो युवक का शव फंदे पर लटका मिला। ध्रुवराज कुशवाहा की बहन ने कहा- भइया और भाभी की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। शादी के बाद से दोनों में विवाद चल रहा था। भाभी नए कपड़े, घूमने-फिरने और बाहर खाने-पीने के शौकीन थी। भइया इतना ज्यादा नहीं कमाते थे। इसलिए भाभी धमकाती थी कि पैसे नहीं दिए, तो दूसरी शादी कर लेंगे। एक महीने पहले भाभी अपने मायके चली गई थीं। सोमवार को फोन पर दोनों के बीच लड़ाई हुई। भइया ने उनसे कहा- बात नहीं मानती हो, फांसी लगा लेंगे। तब भाभी ने कहा- लगा लो फांसी, तो उन्होंने परेशान होकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सागर गेट के पास का है। अब पढ़िए प्यार, शादी और सुसाइड की कहानी… ध्रुवराज कुशवाहा (19) पुत्र रामबाबू सागर गेट मोहल्ले में रहता था। ध्रुवराज के चाचा गोविंद कुशवाहा ने बताया- मेरा भतीजा भगवंतपुरा में एक पटाखा दुकान पर काम करता था। दो साल पहले भतीजे की इंस्टाग्राम पर दीपिका नाम की लड़की से दोस्ती हुई। दोनों के बीच चैट होने लगी। एक-दूसरे के नंबर शेयर किए और घंटों बातचीत होने लगी। ये दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। दीपिका राजस्थान के चूरू की रहने वाली है। ध्रुवराज उससे मिलने के लिए राजस्थान तक चला गया। वहां दीपिका के घर पर एक-दो बार रुका भी। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। ‘भाभी के घरवाले पैसे मांगते थे’
ध्रुवराज की बहन विशाखा ने बताया- भइया और दीपिका शादी करना चाहते थे। मगर हमारे घरवाले तैयार नहीं थे, जबकि लड़की के घरवाले तैयार थे। उनको एक-दो साल रुकने के लिए कहा तो नहीं माने। भाई घर से भागने की धमकी देने लगा, तो माता-पिता ने 6 महीने पहले दोनों की शादी करा दी। शादी झांसी के एक मंदिर में हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। भाभी और उसके घरवाले पैसे के लिए झगड़ा करते थे। भाभी के घूमने, शॉपिंग करने और बाहर जाकर खाना खाने जैसे बहुत से शौक थे। जबकि भइया इतना कमाता नहीं था। इसलिए भाभी धमकी देती थी कि पैसे नहीं दिए तो छोड़कर चले जाएंगे और दूसरी शादी कर लेंगे। 13 दिसंबर को भाभी अपने मायके चली गई थी। हमारे साथ घूमने नहीं गया था भाई
विशाखा ने बताया- हम लोग घूमने के लिए कमाख्या देवी मंदिर जाने वाले थे। उससे पहले भइया से पूछा था कि तुम भी चलोगे। तब भइया ने बोल दिया था हां चलेंगे। मगर उन्हें भाभी परेशान कर रही थी। तब उन्होंने जाने के लिए मना कर दिया। इसी वजह से वह घूमने नहीं गए। हम लोग 7 जनवरी को चले गए, जबकि भइया घर पर अकेले थे। मैं सुबह-शाम भइया को फोन लगाती थी। सोमवार को भइया और भाभी के बीच फोन पर झगड़ा हो गया। भइया गुस्से में था और बोला- तुम मेरी बात नहीं मानती, मैं फांसी लगा लूंगी। तब भाभी ने बोल दिया, ठीक है लगा लो फांसी। इसके बाद भाई ने फांसी लगा ली। बहन ने आगे कहा- भइया पर दबाव बनाया था कि मुझे पैसे कमाकर दो। वरना हम दूसरी शादी कर लेंगे। इस प्रेशर की वजह से भइया ने गलत कदम उठाया है। ध्रुवराज माता-पिता का इकलौता बेटा था
बहन विशाखा ने बताया- सोमवार को मेरे फोन पर बात करने के बाद भाई का नंबर स्विच ऑफ हो गया था। इसके बाद उसका नंबर नहीं लग रहा था। बुधवार को हम लोग ट्रेन से झांसी आए। गेट पर सेंटर लॉक था। एक चाबी हमारे पास थी, जबकि दूसरी चाबी भाई के पास थी। हम लोग गेट खोलकर ऊपर वाले कमरे में पहुंचे तो भाई ध्रुवराज का शव फंदे पर लटक रहा था। परिजनों के रोने बिलखने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया गया। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ध्रुवराज के मोबाइल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। ध्रुवराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता रामबाबू ऑटो चलाते हैं। ध्रुवराज से छोटी 2 बहनें विशाखा (18) और प्रिंसी (5) हैं। दोनों बहनें पढ़ती हैं। ध्रुवराज की मौत के बाद मां प्रीति कुशवाहा का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विद्यासागर सिंह का कहना है कि ध्रुवराज ने 6 महीने पहले शादी की थी। उसी को लेकर डिप्रेशन में रहता था और सुसाइड कर लिया। अभी तक परिजनों ने शिकायत नहीं दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। ‘पोता मर गया…’ सदमे से दादी की मौत
पोता के मरने के भ्रम में 78 साल की महिला को गहरा सदमा लगा और उनकी मौत हो गई। दरअसल, महिला के बेटे और पड़ोसी का नाम रामबाबू है। बुधवार सुबह पड़ोसी के बेटे का शव फंदे पर लटका मिला। लोग कहने लगे- रामबाबू के बेटे ने सुसाइड कर लिया। खबर बेनीबाई तक पहुंची। उनको लगा कि मेरे पोते ने फांसी लगा ली। वो इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाई और कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन और आस पड़ोस के लोग एकत्र हो गए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। —————————- पढ़ें ये भी जरूरी खबर… बात करते-करते 10 सेकेंड में व्यक्ति की मौत, LIVE VIDEO:मथुरा में चाय की दुकान पर चाय पीने गया था; महिला ने उठाया, नहीं हुई हरकत मथुरा में एक व्यक्ति की चाय की दुकान पर बातचीत करते-करते अचानक मौत हो गई। बातचीत के दौरान वह पास रखे स्टूल को उठाने के लिए झुका और अचानक लुढ़ककर गिर पड़ा। वहीं खड़ी एक महिला ने उसे संभालने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…