गणतंत्र दिवस की शाम मोहान रोड पर एक 12 साल का लड़का कार चढ़ने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना थाना काकोरी क्षेत्र के अंतर्गत शिवरी चौराहे के पास की है। घुरघुरी तालाब की ओर से आ रही एक वैगनआर कार (संख्या UP 32 DL 1649) ने खुशालगंज की ओर जाते समय एक दुकान में टक्कर मार दी। इस हादसे में दुकान पर खड़ा 12 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुकान और मकान के पिलर को भी नुकसान पहुंचा है। घरवाले तुरंत अस्पताल की ले गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज और लापरवाह तरीके से वाहन चला रहा था। शाम करीब 8 बजे यह कार बबलू रावत के भाई श्यामू की दुकान में जा घुसी। उस समय दुकान पर खड़े बबलू रावत के पुत्र तरुण (लगभग 12 वर्ष) को चोटें आईं। घायल बालक को घरवाले तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक का नाम नौशाद बताया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके पर ही सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।