लास्ट स्टेज कैंसर मरीजों का घर पर हो रहा इलाज:KGMU निशुल्क दे रहा सुविधा, अब तक 600 मरीजों को मिला फायदा

KGMU के डॉक्टरों की अनोखी पहल से लास्ट स्टेज कैंसर से पीड़ितों को राहत मिल रही है। रेडियोथेरेपी विभाग के डॉक्टर कैंसर मरीजों को घर जाकर सलाह दे रहे हैं। मरीजों की देखभाल के तौर तरीके बता रहे हैं। ताकि मरीजों की दुश्वारियों को कम किया जा सके। कैंसर मरीजों को तीन तरीके से इलाज मुहैया कराया जा रहा है। इसमें OPD, भर्ती और पैलिएटिव केयर शामिल हैं। रेडियोथेरेपी विभाग के डॉ.राजेंद्र कुमार ने बताया कि गंभीर कैंसर मरीजों में जब दवाएं और इलाज की दूसरे तरीके बेअसर हो जाते हैं। ऐसे मरीजों को पैलिएटिव केयर की सलाह दी जाती है। मरीजों को अस्पताल या घर में देखभाल की सलाह दी जाती है। बीमारी की वजह से मरीज को होने वाली दिक्कतों को कम करने का प्रयास किया जाता है, ताकि मरीज दर्द रहित जीवन जी सके। उन्होंने बताया-कैंसर की गंभीर अवस्था से पीड़ितों को बार-बार अस्पताल लाने में दिक्कतें हो सकती हैं। लिहाजा रेडियोथेरेपी विभाग के डॉक्टर, नर्स और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मरीज के घर जाकर जांच, देखभाल और परामर्श देती है। अब तक लगभग 600 मरीजों को घर जाकर सलाह दी जा चुकी है। यह अभियान जारी है। दर्द से राहत और मानसिक संबल पर जोर डॉ.राजेंद्र ने बताया- पैलिएटिव केयर का मकसद कैंसर को ठीक करना नहीं, बल्कि मरीज को दर्द, सांस की तकलीफ, कमजोरी और अन्य कष्टों से राहत देना है। इसके साथ ही मरीज और उसके परिजनों को मानसिक और भावनात्मक सहयोग भी दिया जाता है, ताकि वे इस कठिन समय का सामना बेहतर तरीके से कर सकें। पूरी तरह फ्री है सेवा KGMU की यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है। मरीज या उनके तीमारदार टोल फ्री नंबर 18002027777 पर कॉल कर इस सेवा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। परिवारीजनों को दवाइयां कैसे दें? मरीज की दैनिक देखभाल कैसे करें? आपात स्थिति में क्या कदम उठाएं? इसकी जानकारी दी जाती है। इससे घर पर मरीज की देखभाल आसान हो जाती है।