लखनऊ में लोकबंधु अस्पताल के 15वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 3 नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। इनमें लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट, रजिस्ट्रेशन काउंटर और मेदांता के सहयोग से शुरू हुई टेली ICU केयर शामिल हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश ने कहा- बहुत जल्द लोकबंधु अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के साथ ही हार्ट के मरीजों के इलाज की सुविधा बहुत जल्द यहां शुरू होने जा रही है। इससे इलाके के मरीजों को बहुत राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सरकार की तरफ से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा- लोकबंधु अस्पताल को अग्रणी श्रेणी का अस्पताल बनाना ही हमारा लक्ष्य है। इसके लिए अस्पताल स्टाफ सब बेहतर प्रयास कर रहा है। आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर हमारी सरकार भी हर स्तर पर मदद के लिए तैयार है। आग लगने के दौरान परिवार की तरह की थी सेवा आप सभी ने मिलकर इस अस्पताल को बहुत ही बेहतर बनाया है। जब एक बार यहां आग लगी थी तब परिवार की तरह जुट कर अपने मरीजों की सेवा की। उनको बचाने का काम किया। इसके लिए मैं आप सभी डाक्टरों, कर्मचारी एवं चिकित्सा कर्मियों सहित सभी का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया- 15वें स्थापना दिवस पर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने स्टाफ का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। स्थापना दिवस समारोह में डॉ. रतन पाल सिंह सुमन, डॉ. पवन कुमार अरुण, डॉ. हरिदास अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित, डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। आधे घंटे तक रहे डिप्टी सीएम, फिर निकले स्थापना दिवस कार्यक्रम मंगलवार शाम 4:00 बजे से प्रस्तावित था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और सरोजिनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह को भी आमंत्रित किया गया था। साथ ही मेयर सुषमा खर्कवाल को भी निमंत्रण भेजा गया था। हालांकि कार्यक्रम में सिर्फ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ही पहुंचे। वो तय समय से करीब 50 मिनट देरी से पहुंचे। आधे घंटे तक कार्यक्रम स्थल में रहे। इस दौरान उन्होंने कई मेडिकल स्टाफ को सम्मानित भी किया।