झांसी में पति की मौत के 2 महीने बाद पत्नी ने सुसाइड कर लिया। दोनों की शादी 7 महीने पहले हुई थी। पति की हार्ट अटैक से मौत के बाद वह काफी परेशान रहती थी। शुक्रवार सुबह वह नहाने के लिए अपने कमरे में गई। वहीं साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटक गई। 2 घंटे तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद घरवालों ने दरवाजा तोड़ा तो महिला फंदे से लटकी दिखी। फंदा काटकर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी का है। 23 साल की ललिता उर्फ राधिका ने सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें कहा- भइया, आपने मेरे लिए वर्ल्ड का बेस्ट पार्टनर ढूंढा था, लेकिन मेरी ही किस्मत बुरी थी। चचेरे ससुर देवेंद्र यादव ने बताया- बहू पति की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर पाई। तभी उसने जान दे दी। महिला ने सुसाइड नोट में क्या लिखा, पढ़िए सबको मेरा प्रणाम, चरणस्पर्श.. मैंने बहुत कोशिश की खुद को स्ट्रॉन्ग बनाने की, लेकिन मैं नहीं कर पा रही थी। हर दिन खुद को विश्वास दिलाना पड़ता है कि वो मेरे पास नहीं हैं, न ही लौटकर आएंगे। मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं कि मैं खुद को जीने के लिए मोटिवेट करूं। भइया, आपने मेरे लिए वर्ल्ड का बेस्ट पार्टनर ढूंढा था, लेकिन मेरी ही किस्मत इतनी बुरी थी कि मेरी सारी खुशियां छीन ली गईं। दोनों दीदी से गुजारिश है कि रक्षाबंधन के दिन मेरे भाइयों को राखी जरूर बांध दिया करना। सबको सॉरी… ‘पति-पत्नी एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे’ राधिका उर्फ ललिता कानपुर की रहने वाली थीं। उनकी शादी 13 अप्रैल 2025 को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी निवासी विशाल यादव से हुई थी। विशाल बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। परिवार के मुताबिक, विशाल और राधिका एक-दूसरे को बहुत प्यार करते थे। 2 महीने पहले विशाल को अचानक हार्ट अटैक आ गया। परिजन अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद राधिका गम में डूब गई। वह ठीक से खाना तक नहीं खाती थी। हर समय पति को याद करते हुए रोती रहती थी। नहाने के लिए गई और फांसी लगा ली राधिका के चचेरे ससुर देवेंद्र यादव ने बताया- शुक्रवार सुबह राधिका घरवालों के साथ ही थी। सुबह 7 बजे वह नहाने के लिए ऊपर वाले कमरे में चली गई, जहां बाथरूम अटैच है। 2 घंटे तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजन उसे बुलाने गए। दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद थी। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो शक हुआ। दरवाजा तोड़ा गया। अंदर देखा तो वह पंखे पर साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। तुरंत उसे नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुर और देवर रेलवे में नौकरी करते हैं विशाल दो भाइयों में बड़ा था, जबकि छोटा भाई युवराज रेलवे में नौकरी करता है। उनकी एक बहन भी है। विशाल के पिता राजेंद्र यादव रेलवे में टेक्नीशियन फर्स्ट के पद पर कार्यरत हैं। राधिका के मायके वालों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वे झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। प्रेमनगर थाना प्रभारी रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया- पति की मौत के बाद राधिका उर्फ ललिता सदमे में थी। आज सुबह उसने फांसी लगा ली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। ——— ये भी पढ़ें- आजम के बेटे को फिर 7 साल की सजा:फर्जी जन्मतिथि पर पासपोर्ट बनवाया; चुनाव लड़ने के लिए गलती पर गलती करते रहे सपा नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला को फिर 7 साल की सजा हुई है। रामपुर की MP/MLA कोर्ट ने फर्जी पासपोर्ट मामले में शुक्रवार को अब्दुल्ला को दोषी करार दिया। एक घंटे बाद उनको सजा सुनाई। 50 हजार का जुर्माना भी लगाया है। रामपुर जेल में बंद अब्दुल्ला वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेश हुए। पढ़िए पूरी खबर…