वाराणसी में परीक्षा के बाद बवाल:नकल का विरोध करने पर छात्रों को पीटा, कॉलेज के बाहर चक्काजाम

वाराणसी के श्रीप्रकाश इंटर मीडिएट कॉलेज, पयागपुर मातलदेही में शुक्रवार शाम परीक्षा के बाद जमकर हंगामा हो गया। परीक्षा देने आए छात्रों ने स्वकेंद्र की छात्राओं को नकल कराने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बाद कॉलेज में चल रही नकल रुकवा दी गई। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधक पर परीक्षा को प्रभावित करने का आरोप लगाया। इससे नाराज प्रबंधन ने परीक्षा समाप्त होने के बाद गेट बंद कराकर शिक्षकों और कर्मचारियों से छात्रों की पिटाई करवा दी। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस कर्मचारियों ने छात्रों को जमकर पीटा और चोटिल हालत में गेट खोलकर बाहर निकाल दिया। पिटाई से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के बाहर हंगामा किया और चक्काजाम करते हुए प्रबंधक व शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। वहीं, कुछ छात्र देर रात तक कॉलेज परिसर से निकलने में डरे-सहमे रहे। राजातालाब क्षेत्र में स्थित श्रीप्रकाश इंटर मीडिएट कॉलेज, पयागपुर मातलदेही का संचालन केशव प्रसाद पटेल करते हैं और प्रधानाचार्य रीता पटेल हैं। इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए कॉलेज को यूपी बोर्ड का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस केंद्र पर अर्जुन प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज, खजुरी और महामना मालवीय इंटर कॉलेज, बच्छाव के परीक्षार्थियों का सेंटर था। इसके अलावा श्रीप्रकाश इंटर कॉलेज की छात्राएं इसी परिसर में स्वकेंद्र पर परीक्षा दे रही थीं। बताया गया कि शुक्रवार को अंग्रेजी की परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई। कुछ देर बाद शिक्षकों पर छात्राओं को प्रश्नों के उत्तर बताने का आरोप लगा। छात्राओं के कक्ष में कागज पर लिखे जवाब पहुंचने लगे। पास के कक्ष में मौजूद छात्रों को इसकी जानकारी हुई तो वे बाहर आ गए। छात्रों ने परिसर में नकल का विरोध किया और परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी कराने की मांग करते हुए शासन व अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी दी। माहौल बिगड़ता देख कॉलेज प्रशासन ने नकल रुकवा दी और परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करने लगा। शाम करीब 5 बजे पेपर खत्म होने के बाद प्रबंधन ने पहले कॉपियां जमा कराने में देरी कराई, फिर छात्रों को कक्ष में ही बैठाए रखा। सभी कक्षों से कॉपियां जमा होने के बाद मुख्य गेट बंद कर छात्रों को बाहर निकाला गया। आरोप है कि गेट पर डंडा लिए खड़े शिक्षकों और कर्मचारियों ने बाहर आने वाले छात्रों की पिटाई शुरू कर दी। कई छात्रों को दौड़ाकर लात-घूंसों से भी पीटा गया, जिससे कुछ छात्र घायल हो गए। इसके बाद गेट बंद कर दिया गया। बाहर निकलकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। सूचना पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। छात्रों ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। स्थिति बिगड़ती देख एसीपी राजातालाब भी मौके पर पहुंचे और माहौल शांत कराने का प्रयास किया। उधर, कॉलेज प्रबंधक केशव पटेल ने छात्रों पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।