विंध्याचल में पुलिस ने की फूट पेट्रोलिंग:क्षेत्राधिकारी विवेक जावला ने सुरक्षा का भरोसा दिलाया, अतिक्रमण हटाने की अपील

मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में सोमवार शाम क्षेत्राधिकारी विवेक जावला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फूट पेट्रोलिंग की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी विंध्याचल वेद प्रकाश पांडेय, धाम चौकी प्रभारी अजय मिश्र, एसआई संतोष उपाध्याय, कांस्टेबल गोपाल सिंह और घनश्याम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने अटल चौराहा, बंगाली चौराहा और बावली चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी विवेक जावला ने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विंध्याचल थाने को देने का आग्रह किया। पुलिस ने यह भी बताया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह फूट पेट्रोलिंग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के निर्देश पर की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तीर्थ क्षेत्र विंध्याचल में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित पेट्रोलिंग से सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।