विजय नगर में निगम टीम-दुकानदार विवाद:भूड़ भारत नगर में कार्रवाई के दौरान हंगामा, वीडियो वायरल

विजय नगर थाना क्षेत्र के भूड़ भारत नगर में नगर निगम की टीम और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। रेलवे स्टेशन के पास दुकानों पर कार्रवाई करने पहुंची निगम टीम को विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। टीम के साथ कुछ होमगार्ड भी मौजूद थे। दुकानदारों का आरोप है कि निगम टीम ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए उन्हें जबरन साथ चलने को कहा। इस पर दुकानदार भड़क गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि जबरदस्ती की गई तो वे पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल करेंगे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया। विवाद के दौरान यह भी सामने आया कि निगम टीम के साथ आए कुछ होमगार्ड अपनी वर्दी पर उल्टी नेमप्लेट लगाए हुए थे। दुकानदारों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि सही पहचान बताए बिना इस तरह की कार्रवाई करना अनुचित है।
मामला बढ़ता देख निगम टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तीव्र विरोध के कारण टीम को बिना किसी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बहस और हंगामे की तस्वीरें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं।