विदेश भेजने के नाम पर ठगी, दो और आरोपी गिरफ्तार:194 पासपोर्ट, 6 लाख कैश, स्कॉर्पियो बरामद, मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड में हुई थी पूछताछ

गोंडा में विदेश भेजने के नाम पर हुई ठगी के मामले में आज रविवार को पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली पुलिस ने गोरखपुर निवासी अमजद करीम और सुनील गुप्ता को पकड़ा है। इनके कब्जे से 194 पासपोर्ट, 6 लाख 22 हजार रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक आईफोन और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी शमशाद खान को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसी पूछताछ के आधार पर अमजद करीम और सुनील गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। शमशाद खान को कुछ दिनों पहले पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर गोंडा लाया गया था। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में नगर कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने 200 से अधिक लोगों से विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की थी। बरामद हुए 194 पासपोर्ट इन्हीं ठगी का हिस्सा थे। पुलिस का कहना है कि अभी और पासपोर्ट बरामद होने की संभावना है। दोनों मुकदमों की जांच जारी है और अन्य आरोपियों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि गोंडा में मुख्य आरोपी शमशाद ने अपना नाम विवेक रख करके इन्हें आरोपियों के साथ मिलकर एक ऑफिस खोली थी। विदेश भेजने के नाम पर गोंडा ही नहीं बल्कि 12 अन्य जिलों के लोगों के साथ भी बड़े पैमाने पर ठगी करके यह लोग फरार हो गए थे। जिसको लेकर गोंडा के नगर कोतवाली में भारी संख्या में बीते दिनों लोगों ने प्रदर्शन करके मुकदमा दर्ज करवाया था अब उसे पूरे मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।