विधायक खेल महाकुंभ का शुभारंभ:सोनभद्र में एक माह तक चलेगा आयोजन, गुब्बारे आसमान में छोड़ किया शुभारंभ

सोनभद्र नगर के हाइडिल मैदान पर गुरुवार को एक माह तक चलने वाले विधायक खेल महाकुंभ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल महाकुंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोनभद्र नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद रहीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेयी व पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों व खिलाड़ियों ने वंदे मातरम का गान किया। शांति के प्रतीक कबूतर भी उड़ाए गए और तिरंगे के रूप में गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। खेल महाकुंभ के पहले दिन ऐसे खेलों का आयोजन किया गया, जो अब विलुप्ति के कगार पर हैं। इनमें गुल्ली डंडा, सीतो टायर दौड़ और लट्टू नाच शामिल थे। इन खेलों के अलावा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें इसी जनपद के जाने-माने मिमिक्री कलाकार ने विभिन्न लोगों की मिमिक्री प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। पत्रकारों ने भी गुल्ली डंडा खेल में हिस्सा लिया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्त, सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, नगवा ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, सभासद पप्पू दुबे और दीपक दुबे, मंडल अध्यक्ष चोपन कृष्ण मुरारी गुप्ता, शंभू नारायण सिंह, चतरा मंडल अध्यक्ष जोगेंद्र बिंद, सत्य प्रताप सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह, गुडिया तिवारी और ज्योति खरवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।