मिर्जापुर के नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने होली के अवसर पर अपने विंध्याचल स्थित आवास पर आम जनता और समर्थकों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विधायक के आवास पर पहुंचे बच्चों को रत्नाकर मिश्र ने मिठाई खिलाई और उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान विधायक आवास पर लोगों का तांता लगा रहा। नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने विधायक को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। पूरे परिसर में होली गीतों की मधुर धुन और रंग-गुलाल की खुशबू से उत्सवी माहौल बना रहा। रत्नाकर मिश्र ने सभी आगंतुकों को संबोधित करते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देने वाला महापर्व है। यह त्योहार सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि रंगों का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली के नए रंग भरे। उन्होंने क्षेत्र की उन्नति, शांति और विकास की कामना करते हुए सभी नागरिकों से आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के लिए मिष्ठान और पारंपरिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में आत्मीयता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, समाजसेवी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए सौहार्द का संदेश दिया।