सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के नरसिंघौली गांव में मंगलवार को एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान विकास राठौर की पत्नी पूजा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पूजा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर लटका हुआ पाया गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मिश्रिख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।