फर्रुखाबाद के कायमगंज स्थित कम्पिल क्षेत्र में एक विवाह समारोह से ठीक एक दिन पहले वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के एक गांव निवासी वधूपक्ष को गहरा झटका लगा है। वधूपक्ष का आरोप है कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर करीब ढाई लाख रुपये खर्च किए थे। लड़की के पिता के अनुसार, छह माह पूर्व उनके गांव में बरीक्षा (रोक), गोदभराई और लगुन सहित सभी पारंपरिक रस्में पूरी की गई थीं। दोनों परिवारों की सहमति से 6 नवंबर को विवाह की तारीख तय हुई थी। शादी के निमंत्रण कार्ड भी रिश्तेदारों और परिचितों में बांटे जा चुके थे, और सभी तैयारियां अंतिम चरण में थीं। वधूपक्ष का कहना है कि वर पक्ष ने अचानक शादी से पीछे हटने का फैसला किया है। उन्होंने नकद ढाई लाख रुपये खर्च करने के अलावा दान-दहेज और भोजन आदि की पूरी व्यवस्था कर ली थी। इस मामले की जानकारी मिलने पर लड़की के पिता ने थाना कंपिल पुलिस को तहरीर दी और शादी का कार्ड भी सबूत के तौर पर प्रस्तुत किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया। कंपिल एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह के लिए बातचीत चल रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बातचीत से कोई समाधान नहीं निकलता है, तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। कंपिल एसओ नितिन कुमार ने जानकारी दी कि वर पक्ष द्वारा शादी से इनकार करने का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे कुछ भी बताने से बच रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।