राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) कार्यकर्ता विशु तोमर हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। रिमांड पर लिए गए आरोपी विक्रांत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शराब पीने के बाद गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विशु की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में दो अन्य युवकों के नाम भी सामने आए हैं। विक्रांत ने पुलिस को बताया कि विशु तोमर लोनी निवासी एक लड़की से बात करता था, जो अब बिजरोल निवासी एक अन्य युवक से बात करने लगी थी। विशु के पास युवती के फोन की कुछ रिकॉर्डिंग थीं, जिन्हें वह डिलीट करना चाहता था। इसके लिए विशु, विक्रांत अंकुर बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने शराब पी। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी विक्रांत ने बताया कि लड़की के फोन को लेकर हाथापाई न हो, इसके लिए उसने लुहारा गांव निवासी एक युवक और फतेहपुर पुट्टी निवासी एक अन्य युवक को भी मौके पर बुला लिया था। शराब के नशे में विशु ने उन्हें गाली-गलौज करना शुरू कर दिया, जिसके बाद तीनों साथियों ने मिलकर उसकी पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी। बामनौली गांव के विशु तोमर का शव 4 नवंबर को लोनी के खन्ना नगर में एक खाली प्लॉट में मिला था। कई दिनों तक घर न लौटने पर विशु के चाचा नरेश ने 7 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू की और विक्रांत की तलाश की। विक्रांत पुलिस से बचने के लिए एक अन्य मुकदमे में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था। पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर विक्रांत को आरोपी बनाया। दोघट थानाध्यक्ष सूर्य दीप सिंह ने बताया कि विक्रांत की निशानदेही पर अंकुर बिहार के घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर बाइक बरामद की गई है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि फतेहपुर पुट्टी निवासी एक आरोपी 4 नवंबर को ही एक अन्य हत्या के मामले में जेल चला गया था, जबकि नवीन नामक दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।