वीर दुर्गादास पर टिप्पणी करने वाली व्लॉगर पर FIR:ताजमहल घूमने आई युवती ने वीडियो पोस्ट किया था, मुकदमे की मांग की गई थी

आगरा में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ताजमहल के पास स्थापित वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी ‘Priyaguptat25’ के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद राठौर समाज में आक्रोश फैल गया। राठौर समाज के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत केस दर्ज किया है। राठौर समाज के प्रदेश अध्यक्ष देवंद्र कुमार ने कहा, “वीर दुर्गादास राठौर हमारे समाज ही नहीं, पूरे देश के गौरव हैं। उनकी प्रतिमा पर की गई अभद्र टिप्पणी से समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। हमने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने से पहले सोचे।” पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच की जा रही है और आरोपी युवती की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक या ऐतिहासिक प्रतीकों के अपमान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।