आगरा के मलपुरा स्थित धनौली गांव के एक युवक की वेस्ट अफ्रीका में मौत हो गई है। युवक तीन साल से वहां मजदूरी कर रहा था। परिवार ने अब उसके शव को भारत लाने के लिए सरकार से गुहार लगाई है। धनौली निवासी राजेश दीक्षित के 28 वर्षीय पुत्र विमल तीन साल पहले वेस्ट अफ्रीका गया था। वह सिएरा लियोन के मम्बो जंक्शन फ्री टाउन क्षेत्र में बिल्डिंग मैटेरियल्स का काम करता था। मृतक के बड़े भाई अनिल ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे अफ्रीका से ठेकेदार रवि का फोन आया। ठेकेदार ने विमल की सड़क दुर्घटना में मौत होने की जानकारी दी। विमल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। परिवार के लोग वेस्ट अफ्रीका से शव को भारत लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में थाना मलपुरा में भी सूचना दी है और सरकार से भाई के अंतिम संस्कार के लिए शव को वापस लाने की मांग की है।