भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल रविवार देर शाम कासगंज पहुंचे। उन्होंने शहर के एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि संगठन वैश्य बाहुल्य सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगा। रवि प्रकाश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यदि कोई राजनीतिक दल उनका समर्थन करता है, तो वे उसका साथ देंगे, अन्यथा संगठन अकेले चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि महासभा अब राजनीतिक भागीदारी चाहती है। रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि संगठन वर्तमान में 42 जिलों में सक्रिय है। उन्होंने वर्ष 2026 को “संगठन वर्ष” घोषित किया। इसके तहत कार्यों का समुचित बंटवारा किया जाएगा और पदाधिकारी स्वेच्छा से उत्तरदायित्व ग्रहण करेंगे। संस्था का सदस्यता अभियान भी लगातार जारी रहेगा। महासभा ने प्रत्येक जिले में होली मिलन समारोह आयोजित करने और लखनऊ में संस्था का कार्यालय खोलने पर भी सहमति व्यक्त की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की भी घोषणा की गई। गीता वार्ष्णेय (एटा) को महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्षा, अनिल पोरवाल (अलीगढ़) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी, और वैभव अग्रवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय ‘बंटी बाबू’ ने बताया कि संगठन जल्द ही अन्य जिलों में भी अपना कार्य विस्तार करेगा। बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र प्रसाद गुप्ता का बोर्ड में सदस्य बनाए जाने पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर राकेश गुप्ता, सुबोध कुमार गोयल, सत्य प्रवीर गुप्ता, परवीन अग्रवाल, समित अग्रवाल, जितेंद्र वार्ष्णेय, नवीन वार्ष्णेय, अनिल गुप्ता, राजा बाबू, राजेंद्र खंडेलवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।