व्यापारियों ने खाद्य विभाग के मुख्य अधिकारी का पुतला फूंका:कहा- खाद्य विभाग की टीम सैंपलिंग के नाम पर अवैध वसूली करती है

फर्रुखाबाद के टाउन हॉल तिराहे पर व्यापारियों ने खाद्य विभाग के मुख्य अधिकारी का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन विभाग के अधिकारियों और टीम पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ किया गया। व्यापारियों का आरोप है कि खाद्य विभाग की टीम सैंपलिंग के नाम पर उनसे अवैध वसूली कर रही है। व्यापारियों के अनुसार, खाद्य विभाग के अधिकारी दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेते हैं, लेकिन उन्हें जांच के लिए नहीं भेजते। इसके बजाय, वे प्रत्येक सैंपल के लिए मोटी रकम की मांग करते हैं। आरोप है कि यह राशि सरकारी खाते में जमा न करके टीम के सदस्य अपनी जेब में रख लेते हैं। इस कथित भ्रष्टाचार में खाद्य विभाग की टीम में शामिल एक निजी कार्यकर्ता सूरज बाथम का नाम सामने आया है। व्यापारियों का कहना है कि टीम ने उनसे लेनदेन का सारा काम सूरज बाथम को सौंप रखा है, जिससे उनके प्रति भी व्यापारियों में रोष है। युवा व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि भ्रष्टाचार में लिप्त मुख्य अधिकारी के नेतृत्व वाली टीम को जिले से बाहर किया जाए और सूरज बाथम को भी फर्रुखाबाद से हटाया जाए। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन के दौरान नगर महामंत्री रोहन कश्यप, गोपाल सिंह कश्यप, माजिद अली, सोहन शुक्ला, शान मोहम्मद, अजीम खान, करीम खान, मोनू मिश्रा, राजेंद्र सिंह चौहान, अशोक यादव, गोविंद बाथम, गोविंद दीक्षित, अनुज बाथम, विशाल दीक्षित, तारीख अली, हिमांशु साहब, एहसान अली, मुनव्वर अली, सोनू गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, आर्यन गोस्वामी, अंजू सुल्तानी, करण बाथम और शेरू भाई सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।