फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र के गांव चुल्हावली में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल बड़े भाई धीरज (30) की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई धर्मप्रकाश (26) को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात धीरज पुत्र बिजेंद्र सिंह का अपने छोटे भाई धर्मप्रकाश से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर धर्मप्रकाश ने हंसिए से धीरज पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन धीरज को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा ले गए। शनिवार को इलाज के दौरान धीरज की मौत हो गई। शनिवार शाम करीब छह बजे जब शव गांव लाया गया, तो मृतक के साले विपिन कुमार (निवासी चमारपुरा, थाना फतेहाबाद, आगरा) ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना टूंडला पुलिस रात 8 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया। इंस्पेक्टर टूंडला अंजीश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी छोटे भाई धर्मप्रकाश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।