शादाब जकाती ने शराबी बनकर बेटी के साथ VIDEO बनाया:फैंस बोले- बच्ची को तो बख्श दो; 3 दिन पहले मेरठ पुलिस ने पकड़ा था

मेरठ के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर शादाब जकाती की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वो एक बार फिर अपनी नाबालिग बेटी के साथ वीडियो बनाकर बुरे फंस गए। वीडियो में शादाब जकाती बेटी के साथ कव्वाली गाते नजर आ रहे हैं। ‘दो घूंट पिला दे साकिया…’ पर शराबियों की तरह एक्टिंग और डांस कर रहे हैं। हालांकि, शादाब ने यह वीडियो एक हफ्ते पहले पोस्ट किया था। लेकिन, जब से बेटी और पत्नी के साथ एक वीडियो को लेकर उन पर FIR हुई, उन्हें गिरफ्तार किया गया, तब से ही शादाब लोगों के निशाने पर हैं। ऐसे में बेटी संग शराबी वाले वीडियो को लेकर भी फैंस काफी नाराज हैं। इस पर आपत्ति जता रहे हैं। नेगेटिव कमेंट कर रहे हैं। एक फैन ने तो यहां तक कह डाला कि शादाब दौलत के नशे में चूर हैं। इस चकाचौंध की आंधी में अंधे हो गए हैं। तभी छोटी बच्ची से ऐसे काम करवा रहे हैं। फैंस ने उन्हें नसीहत देते हुए कहा कि कम से कम अपनी नाबालिग बेटी से तो ऐसा मत करवाओ। सबसे पहले जानिए वीडियो में क्या है…
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शादाब जकाती के साथ उनकी बेटी और एक अन्य साथी बैठा है। सामने एक कटोरा रखा है। तीनों लोग बैठकर ‘दो घूंट पिला दे साकिया, बाकी मेरे पे रोड़ दे, पीना हो जिसकी जिंदगी, वो कैसा पीना छोड़ दे…’ गीत पर एक्टिंग कर रहे हैं। शादाब की बेटी आगे बैठकर इस गीत पर डांस करते और एक्सप्रेशन देते दिख रही है। पीछे शादाब उनके साथी बैठकर तालियां बजा रहे हैं। इस वीडियो का टाइटल भी शादाब जकाती ने अपनी बेटी के नाम पर दिया है। फैंस कर रहे नेगेटिव कमेंट बेटी के साथ ही बनाए एक वीडियो में हो चुकी है FIR
भाजपा नेता राहुल ठाकुर की शिकायत पर 4 दिन पहले ही शादाब जकाती के खिलाफ पहले मुकदमा हुआ, फिर 27 नवंबर को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। अदालत से उन्हें जमानत मिली, जिससे उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा। जमानत मिलने पर शादाब ने लोगों के समर्थन का आभार जताते हुए कहा था कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। चूंकि, लोगों ने एक वीडियो पर नाराजगी जताई है, इसलिए उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिया है। उस वीडियो के बारे में जानिए, जिसके लिए शादाब गिरफ्तार हुए थे
शादाब जकाती का जो वीडियो विवादों में है, उसमें वह एक बच्ची और दो महिलाओं के साथ दिखाई दे रहा। शादाब, एक परचून की दुकान पर बैठे हैं। सामान लेने एक बच्ची आती है। जब जकाती पैसे मांगते हैं तो बच्ची कहती है कि पैसे मम्मी आकर देगी। वह बच्ची से अभद्र कमेंट करते हैं। फिर वह उससे उसकी मां की सुंदरता पर कमेंट करते हैं। वीडियो में वह कह रहे कि जब ये इतनी खूबसूरत है तो इसकी मम्मी कितनी खूबसूरत होगी। इसके बाद वह उस बच्ची के घर पहुंचते हैं। आवाज देने पर घर का दरवाजा एक महिला खोलती है। महिला से कहते हैं- तुम्हारी बच्ची सामान लेकर आई थी। अब तुम पैसे क्या दोगी? एक KISS ही दे दो। इसी बीच नाबालिग घर के अंदर से एक महिला के साथ बाहर आती है। बच्ची जकाती से कहती है- अंकल मेरी मम्मी ये हैं, जो मेरे साथ हैं। इसके बाद जकाती पैसे मांगने लगते हैं। यूजर्स ने शादाब को ट्रोल किया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स शादाब के खिलाफ उतर आए। उन्होंने शादाब पर कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे गंभीर मामला बताते हुए POCSO जैसी धाराएं लगाने की मांग कर डाली। कुछ लोग कह रहे हैं कि वायरल स्टार्स को कंटेंट बनाते समय संवेदनशील होना चाहिए। वहीं, कुछ लोग जांच पूरी होने तक निष्कर्ष न निकालने की बात कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा था- इससे शांति भंग नहीं हो रही कौन हैं शादाब जकाती?
शादाब जकाती, मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे क्रिकेट के शौकीन हैं। पहले सऊदी अरब में ड्राइवर के रूप में काम कर चुके हैं। वहीं से वीडियो बनाने की शुरुआत की थी। अब वे सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बन चुके हैं। शादाब का एक वीडियो ’10 वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी…’ हिट हो चुका है। इस वीडियो को अब तक करोड़ों लोग देख चुके हैं। रैप सिंगर बादशाह, क्रिकेटर रिंकू सिंह और कुलदीप यादव समेत कई सेलिब्रिटीज इस वीडियो को कॉपी कर चुके हैं। दुनियाभर में लोग इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं। …अब राहुल ठाकुर के खिलाफ शिकायत, दिव्यांगों को ठेस पहुंचाया
सोशल मीडिया सेलिब्रिटी शादाब जकाती के खिलाफ शिकायत करने वाले भाजपा नेता राहुल ठाकुर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है। भाजपा नेता राहुल ठाकुर ने शादाब के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए इंचौली थाने, बाल आयोग और महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। अब इसी मामले में मेरठ के मवाना कलां के बिलाल मंसूरी ने शनिवार को राहुल ठाकुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बिलाल का आरोप है कि शादाब जकाती प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल ठाकुर ने दिव्यांगजनों के प्रति अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की है। बिलाल के अनुसार, उनकी टिप्पणी करोड़ों दिव्यांगों की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। समाज में भेदभाव को बढ़ावा देती है, जो मानवाधिकारों तथा संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। बिलाल ने राहुल ठाकुर के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ————— यह खबर भी पढ़िए… ’10 वाला बिस्कुट कितने का है जी’ से बदली लाइफ:रातोंरात सेलिब्रिटी बने मेरठ के शादाब बोले; क्रिकेटर रिंकू और रैपर बादशाह ने किया कॉपी मेरठ के रहने वाले शादाब जकाती इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हैं। शादाब का एक वीडियो “10 वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी” हिट हो चुका है। इस वीडियो को अब तक 57 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। सिंगर बादशाह, क्रिकेटर रिंकू सिंह और कुलदीप यादव समेत तमाम सेलिब्रिटीज इस वीडियो को कॉपी कर चुके हैं। दुनियाभर में लोग इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर