शादी के एक साल बाद विवाहिता ने लगाई फांसी:हरदोई में पति ने मानसिक परेशानी बताई, मां ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया

हरदोई में अतरौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव में रविवार को 23 वर्षीय विवाहिता प्रियंका शर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रियंका, विशाल की पत्नी थीं। उन्होंने छत के पंखे के हुक में दुपट्टे से फांसी लगाई। मृतका के पति विशाल ने पुलिस को बताया कि प्रियंका मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। उनकी शादी 7 मार्च 25 को ग्राम अहिरावा, थाना कछौना में हुई थी। वहीं, मृतका की मां गीता देवी ने आरोप लगाया है कि प्रियंका के पति और ससुराल वाले दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग को लेकर उसे आए दिन प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि शनिवार को जब प्रियंका को वापस लाया गया था, तब पति विशाल ने कहा था कि “आज भेज दो, कल जिंदगी भर के लिए छोड़ दूंगा।” थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।