शादी के 28 दिन बाद महिला की हत्या:बरेली में तालाब में पड़ा मिला शव, पिता बोले- दहेज के लिए बेटी को मार डाला

बरेली में शादी के महज 28 दिन बाद महिला की हत्या कर दी गई। उसकी लाश घर के पीछे बने तालाब में पड़ी मिली। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे ससुरालवालों ने बेटी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायकेवालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति को हिरासत में लिया है। दुल्हन के पिता का आरोप है कि ससुरालवाले बेटी से बात नहीं करने दे रहे थे। उन लोगों ने ही बेटी को मारकर तालाब में फेंक दिया। मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र का है। 1 नवंबर को हुई थी ज्योति की शादी
1 नवंबर को हनुमानगढ़ी में रहने वाली 24 साल की ज्योति शर्मा की शादी मढीनाथ निवासी लव शर्मा से हुई थी। लव का बरेली के मुख्य बाजार इंद्रा मार्केट में कपड़े का कारोबार है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी ने तालाब में किसी के गिरे होने के बारे में बताया। घरवाले पहुंचे तो पता चला कि वह ज्योति है। उसे ससुरालवाले प्राइवेट अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। देवर अरविंद शर्मा ने बताया- हम लोग सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े 7 बजे पड़ोस के लोगों ने आकर बताया कि कोई तालाब में गिरा है। हम बाहर आए तो देखा कि उसमें ज्योति भाभी तैर रही थी। हमने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। हमें कुछ समझ नहीं आ रहा कि वो तालाब तक कैसे पहुंची? हम लोग तो घर के अंदर थे। पिता बोले- बेटी की दहेज के लिए हत्या की
पिता राजेश कुमार ने कहा- मेरी बेटी की ससुरालवालों ने दहेज के लिए हत्या कर दी। उसकी 1 नवंबर को शादी हुई थी। अभी शादी का एक महीना भी नहीं हुआ है। कल रात मैंने दो बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। सुबह 8 बजे उसकी ननद ने फोन कर बताया कि ज्योति की तबीयत बहुत खराब है। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा। आखिरी बार मेरी उससे 27 नवंबर को बात हुई थी। मैंने उससे कहा था कि एक महीना हो गया, मैं तुम्हें लेने आऊंगा। कुछ दिन मायके में भी रह लेना। लेकिन, ज्योति को उन लोगों ने मारकर तालाब में फेंक दिया। शादी में मैंने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। आधा सामान तो अभी तक खोला भी नहीं गया था। वह मेरी इकलौती बेटी थी, उसकी मौत किसी साजिश का नतीजा है। मायके वालों की शिकायत पर पति हिरासत में
घटना के बाद मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने भी अचानक हुई मौत पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि शादी के एक महीने के अंदर इस तरह मौत होना संदिग्ध है। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे, लेकिन पुलिस ने उनको समझाकर शांत कराया। वहीं, पुलिस ने घर का निरीक्षण किया गया, तालाब के किनारे से कुछ सैंपल लिए। कई पड़ोसियों से बयान लिए। सुभाषनगर के इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत डूबने से हुई या पहले किसी तरह की मारपीट की गई। फिलहाल मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत ससुरालवालों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़ें : सहारनपुर में बदहवास पिता बोले- घर में कोई नहीं बचा, पत्नी-बेटे, बेटी-दामाद और नाती समेत 7 की मौत सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर हादसे में एक ही खानदान के 7 लोगों की मौत हो गई। बेकाबू डंपर कार पर पलट गया। डंपर पर लदी बजरी भी कार पर गिरने से कार में बैठे लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…