झांसी में नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया। 3 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी होली पर मायके गई थी। रविवार रात को वह घर आया और बिना खाना खाए ही सोने के लिए कमरे में चला गया। सोमवार सुबह जब छोटी बहन चाय देने के लिए कमरे में गई तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो भाई का शव पंखे पर फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के दतिया गेट अंदर मुकरयाना मोहल्ले का है। पिता की मौत के बाद नौकरी मिली थी मृतक का नाम शिवम बाल्मीकि (25) पुत्र संतोष बाल्मीकि था। वह दतिया गेट अंदर मुकरयाना मोहल्ले का रहने वाला था। मृतक के चचेरे भाई सौरव बाल्मीकि ने बताया- मेरे चाचा संतोष बाल्मीकि नगर निगम में सफाई कर्मचारी थे। लगभग 5 साल पहले बीमारी के चलते चाचा की मौत हो गई थी। उनकी नौकरी बड़े बेटे शिवम बाल्मीकि को मिल गई थी। इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी शिवम के ऊपर आ गई थी। 24 नवंबर 2025 को शिवम की शादी दतिया के नोनेर गांव निवासी आशा से हुई थी। शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। होली पर आशा अपने मायके चली गई थी। नशे में घर आया था शिवम रविवार रात लगभग 10 बजे घर पर आया तो शराब पिए था। इसके बाद उसने मां को डांट लगाई। फिर वह ऊपर अपने कमरे में सोने चला गया। आज सुबह छोटी बहन परी चाय के लिए बुलाने गई। काफी आवाज लगाई तो शिवम ने कोई जबाव नहीं दिया। तब उसने कांच की खिड़की से देखा। तब शिवम कमरे के अंदर पंखे पर साड़ी से फंदा बनाकर लटका हुआ था। बहन के चिल्लाने पर परिजन आ गए। सूचना पर आसपास के लोग भी आ गए। खिड़की खोलकर परिजन कमरे में दाखिल हुए और शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की जांच की जा रही है। 6 भाई बहनों में सबसे बड़ा था पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी शिवम के ऊपर आ गई थी। तीन भाइयों और तीन बहनों में शिवम सबसे बड़ा था। उसने कुछ समय पहले अपनी बहन शिवानी की शादी कर दी थी। दो भाई सागर और सुमित व दो बहनें सोनाली और परी अविवाहित हैं। शिवम की मौत के बाद घर में मातम छाया है। शव देखकर मां सीमा बेहोश हो गई। पुलिस का कहना है कि पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी परिजन सुसाइड के कारणों के बारे में नहीं बता सके। मामले की जांच की जा रही है। ……………. ये खबर भी पढ़िए… स्टंटबाजी में 12वीं के छात्र की मौत, VIDEO: लखनऊ में बुलेट-स्कूटी की भीषण टक्कर, छात्र उछलकर डिवाइडर पर गिरा
लखनऊ में बाइक रेसिंग में 12वीं के छात्र की जान चली गई। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुलेट और कावासाकी बाइक सवार रेस लगा रहे थे। तभी सामने स्कूटी आ गई। स्कूटी से टकराने के बाद बुलेट डिवाइडर से जा भिड़ी। बुलेट सवार 12वीं का छात्र उछलकर डिवाइडर से टकराकर। उसका सिर फट गया। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कावासाकी सवार लड़के ने लोगों की मदद से बुलेट सवार दोस्त को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…