शामली जिला अस्पताल का ICU वार्ड में फैला कूड़ा:बाहर से ताला लगा और अंदर गंदगी के ढेर

शामली में जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड की बदहाल स्थिति का एक वीडियो सामने आया है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। गंभीर मरीजों के लिए तैयार किया गया लाखों–करोड़ों की लागत वाला यह आईसीयू वार्ड इन दिनों उपयोग में नहीं है। कूड़ेदान जैसा नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वार्ड के बाहर ताला लगा है। जबकि भीतर गंदगी के ढेर, बिखरा सामान और धूल-धूसरित बेड स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों के अनुसार, उन्होंने शीशे से अंदर देखते हुए यह दृश्य अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। जांच के दौरान सामने आया कि आईसीयू वार्ड का प्रभार नर्सिंग ऑफिसर रेणु धामा के पास है और उनके निर्देश पर वार्ड में ताला लगाया गया है। जिला अस्पताल इंचार्ज डॉ. किशोर आहूजा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने वायरल वीडियो की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।