शाहजहांपुर में कॉफी मशीन फटने से एक की मौत:शादी समारोह में हुआ हादसा, एक युवक घायल

शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन फटने से एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। यह घटना बरूआ पेहना गांव में हुई, जहां एक युवती की शादी की तैयारियां चल रही थीं। बारात आने का इंतजार किया जा रहा था और लोग कॉफी पी रहे थे। इसी दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। मशीन फटने से उसके टुकड़े कॉफी मशीन चला रहे युवक को लगे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास खड़ा एक अन्य युवक भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। शादी में मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां कॉफी मशीन चलाने वाले युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मृतक युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है कि वह किस गांव का रहने वाला था।