शाहजहांपुर में पनीर विक्रेता पर चाकू से किया हमला:पुराने पैसों के विवाद में युवक ने वारदात को दिया अंजाम, गंभीर रूप से घायल

शाहजहांपुर में एक पनीर विक्रेता पर चाकू से हमला किया गया है। पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के खिरनीबाग स्थित सिटी कार्ट के पास शनिवार देर शाम हुई। मोहल्ला लोधीपुर के निवासी मनोज प्रजापति अपनी पनीर की दुकान लगाते हैं। जानकारी के अनुसार, मनोज किसी दूसरे व्यक्ति से पनीर खरीदकर बेचते थे और उनके बीच पनीर के पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार देर शाम मनोज अपनी दुकान पर अकेले थे, तभी आरोपी वहां आया और पैसों की मांग करने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर मनोज पर हमला कर दिया। चाकू लगने से मनोज गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। मनोज को लहूलुहान हालत में देखकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल मनोज को ई-रिक्शे से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते पनीर विक्रेता पर हमला किया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि घायल को अस्पताल भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।