शाहजहांपुर में सफाईकर्मी ने की आत्महत्या:घर में फंदे पर लटका मिला शव, आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस

शाहजहांपुर में एक सरकारी सफाईकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनूप कुमार के रूप में हुई, जो भावलखेड़ा ब्लॉक में तैनात थे। उनका शव महमंद जलालनगर स्थित उनके नए मकान में फंदे से लटका मिला। अनूप कुमार सदर बाजार क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के निवासी थे। उन्होंने महमंद जलालनगर में एक नया मकान बनवाया था, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे आवास विकास कॉलोनी में ही रहते हैं। शनिवार देर शाम अनूप अपनी पत्नी से नए घर की चाबी लेकर वहां गए थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार को चिंता हुई। जब वे नए घर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अशफाक नगर चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां अनूप का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में परिवार से भी पूछताछ की है, लेकिन अभी तक किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है। सदर थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई जारी है।