शिवपाल बोले- भाजपा सरकार ने सबको लाइन में लगाया:चाय की दुकान पर रुककर लोगों से की बात, कहा- आज हर वर्ग परेशान है

इटाव में जसवंतनगर के बस स्टैंड चौराहे पर शनिवार शाम सपा के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक काफिले के साथ सतीश टी स्टॉल पर रुके। उन्होंने चाय की चुस्कियों के साथ लोगों से बातचीत की। इलाके की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उनके पहुंचने की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। स्टॉल के आसपास लोगों की भीड़ लग गई। चाय की चुस्कियों के बीच लोगों से बातचीत शिवपाल सिंह यादव को अचानक अपनी दुकान पर देखकर चाय विक्रेता सतीश काफी खुश नजर आए और उन्होंने सभी को चाय पिलाई। इस दौरान विधायक ने सतीश से पूछा कि चाय का कारोबार कैसा चल रहा है और किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सतीश ने उन्हें बताया कि गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पाता है, जिससे दुकान चलाने में परेशानी हो रही है। इसके बाद विधायक ने वहां से गुजर रहे लोगों से भी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर जानकारी ली। सिलेंडर न मिलने की समस्या उठी मौके पर मौजूद कई लोगों ने बताया कि उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगना पड़ता है और कई बार समय पर सिलेंडर भी नहीं मिल पाता। इस पर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के समय में आम लोगों को हर काम के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोग बैंकों में लाइन में लगे थे, किसान खाद लेने के लिए लाइन में लगते हैं और अब महिलाएं व पुरुष खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगने को मजबूर हैं। सरकार पर बोला हमला उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झूठे वादों के सहारे सत्ता में आई है और आज हर वर्ग परेशान है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ रही है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता जिम्मेदारी के साथ सोचकर फैसला करे और ऐसी सरकार को सत्ता से हटाए जो लोगों को सिर्फ परेशानियां दे रही है।