संभल में फेसबुक पर हुई दोस्ती एक युवक और युवती के निकाह में बदल गई। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुआ रिश्ता शादी के बंधन तक पहुंचा। मामला संभल के हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र की नगर पंचायत सिरसी के एक युवक का है। युवक वर्तमान में गुन्नौर कस्बे के एक निजी अस्पताल में काम करता है। उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए दिल्ली की एक युवती से हुई। शुरुआती बातचीत के बाद यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवक कई बार दिल्ली जाकर युवती से मिला और दोनों ने अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। युवक-युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद युवती के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी मिली। परिजनों ने युवक को स्पष्ट चेतावनी दी कि वह दिल्ली आकर युवती से निकाह करे, अन्यथा पुलिस कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहे। युवती के परिजनों की चेतावनी के बाद युवक मानसिक तनाव में आ गया और उसके व्यवहार में परिवर्तन दिखने लगा। जब अस्पताल संचालक ने उसकी परेशानी का कारण पूछा, तो युवक ने पूरी बात बताई। स्थिति को समझते हुए अस्पताल संचालक और युवक के एक मित्र ने उसकी मदद करने का फैसला किया और उसे लेकर दिल्ली गए। दिल्ली में दोनों परिवारों की आपसी सहमति से निकाह संपन्न हुआ। निकाह के बाद युवक दुल्हन को विधिवत अपने साथ गुन्नौर ले आया। फेसबुक से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब क्षेत्र में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और युवाओं के बदलते रिश्तों को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।