संभल जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव संपन्न हो गए हैं। एडवोकेट शकील अहमद को नया अध्यक्ष चुना गया है। उनके समर्थकों और अधिवक्ता साथियों ने उन्हें कंधों पर बैठाकर जुलूस निकाला और आतिशबाजी की। मंगलवार को संभल कोतवाली क्षेत्र स्थित मुंसिफ कोर्ट परिसर के बार रूम में यह चुनाव हुआ। चुनाव प्रक्रिया अब्दुल रहमान, मोहम्मद शाहनवाज, लवकेश देवल और राजीव कुमार शर्मा की देखरेख में संपन्न हुई। सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चला। 20 मिनट के अंतराल के बाद मतगणना शुरू की गई। रात 8 बजे मतगणना पूरी होने के बाद परिणामों की घोषणा की गई। शकील अहमद ने 167 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष पद जीता। उनके प्रतिद्वंद्वी अब्दुल जब्बार और नईम कुरैशी थे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मुख्तार फातिमा को 156 वोट मिले। सरफराज नवाज 182 वोटों के साथ सचिव चुने गए, जबकि सैयद फरोग अहसन ने 128 वोट प्राप्त कर कोषाध्यक्ष का पद हासिल किया। अपनी जीत के बाद अध्यक्ष शकील अहमद ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जिला बार एसोसिएशन संभल के सम्मानित अधिवक्ताओं ने मुझे भारी मतों से जिताया है। मैं अपनी बार के सभी अधिवक्ताओं और जुलूस में शामिल हुए सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ।” उन्होंने आगे कहा कि वह संभल जिले के अधिवक्ताओं और जनता दोनों के अध्यक्ष हैं और अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।