संभल में गोवंश का खाल उतारा:14 घंटे पहले निमोनिया से हुई थी मौत, VHP ने गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी में शुक्रवार दोपहर एक मृत गाय की खाल उतारे जाने की घटना सामने आई। इसे शुरुआत में गोकशी माना गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, बाद में हुए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि गाय की मौत 14 घंटे पहले निमोनिया से हुई थी। यह घटना माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी के विधानसभा क्षेत्र में हुई। यह मामला चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के बदायूं चुंगी फाटक के पास पावर हाउस कॉलोनी के एक खाली प्लॉट का है। दोपहर करीब 3 बजे कुछ लोग एक गाय की खाल उतारकर मांस निकाल रहे थे। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अनुज कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कटी हुई गाय तथा काटने के उपकरण बरामद किए।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी आधे घंटे के भीतर मौके पर पहुंच गए। चंदौसी निवासी कौशल किशोर वंदे मातरम् भी वहां मौजूद थे। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने गाय को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विहिप के राजेश गुप्ता ने बताया कि संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। इंस्पेक्टर अनुज कुमार तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि गाय की मृत्यु 14 घंटे पहले निमोनिया के कारण हुई थी। पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है जो मृत गाय की खाल या मांस निकाल रहे थे। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आपको बता दे की पोस्टमार्टम होने के बाद जेसीबी में जाकर बड़ा गड्ढा खोला गया और उसमें गौ माता का विधि-विधान पूर्वक अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्षेत्र में हुई इस घटना से जहां हिंदूवादी संगठनों में रोष है वहीं आम जनमानस में भी रोष व्याप्त है।