संभल में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में बुधवार सुबह हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान फायरिंग और पथराव की घटना हुई, जिसमें कुल नौ लोग घायल हो गए। घायलों में से चार लोगों को छर्रे लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों को नामजद करते हुए 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह पूरी घटना संभल जनपद की चंदौसी तहसील के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुमरेजपुर की है। गांव के ही रामवीर और सुरवीन (आशीष) के बीच चार बीघा खेत की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव में अचानक फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इच्छाराम और कल्याण सिंह पक्ष का कहना है कि उनकी चार बीघा जमीन आबादी के बीच है, जिस पर गांव का ही रामवीर कब्जा करना चाहता है। उनका आरोप है कि रामवीर ने अपनी जमीन तरुण शंखधार को बेच दी है। इच्छाराम के पुत्र भूरे और कल्याण सिंह के पुत्र राहुल ने बताया कि उनके चार बीघा खेत में गेहूं की फसल खड़ी थी, जिसे ट्रैक्टर चलाकर जोतना शुरू कर दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दूसरे पक्ष ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उनके पक्ष के कई लोगों को चोटें आईं। वहीं, रामवीर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह जब वह जा रहे थे, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों से पीटा गया। रामवीर पुत्र बाबू सिंह की शिकायत पर ओमकार, इच्छाराम पुत्र सेवाराम, कल्याण, नंन्हे पुत्र मोहन, गोपाल, भूरा पुत्र इच्छाराम, राहुल, अजय पुत्र कल्याण, गीता पत्नी कल्याण, गोविंद पुत्र ओमकार, सुनीता पत्नी इच्छाराम, हप्पू और गिरन्दी पुत्र खेमकरण पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर, इच्छाराम पक्ष की ओर से रामवीर, नेकपाल, गनेशी, कुंवरपाल, प्रताप, धर्मपाल, किशनवीर और अनिल के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, उसके बाद मेरे द्वारा गांव में जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। दोनों पक्षों के कुल नौ लोग घायल हुए हैं जिनका सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है, फिलहाल अभी दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के विरुद्ध नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।