संभल में पति से तलाक के छह महीने बाद एक युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में मृतका की मां मोर्चरी के पास बेटी को आवाज लगाती रही और अस्पताल कर्मियों से कुंडी खोलने की गुहार करती रही। यह घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हल्लू सराय की है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय पारुल चंद्रा, पुत्री स्वर्गीय नरेंद्र चंद्रा के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 7 बजे पारुल ने अपने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मां ने उसे फंदे पर लटका देखा तो उनकी चीख निकल गई, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिजनों और मोहल्लेवासियों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया और इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना कोतवाली संभल पुलिस को दी गई, जिसके बाद एसएसआई संदीप बालियान और एसआई राखी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, पारुल की शादी छह साल पहले कोरोना काल के दौरान मुरादाबाद के कस्बा ठाकुरद्वारा निवासी सोनू नामक युवक से हुई थी। शादी के छह महीने बाद ही वह मायके आकर रहने लगी थी। उसका अपने पति से छह महीने पहले ही तलाक हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पारुल परेशान थी और तलाक के बाद से डिप्रेशन में चल रही थी। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है।