संभल में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत:एक घायल हायर सेंटर रेफर, बाइक सवार 15 मीटर दूर गिरे

संभल के रजपुरा–बहजोई लिंक मार्ग पर सोमवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। यह सड़क हादसा सोमवार रात करीब 7:30 बजे जनपद संभल की तहसील गुन्नौर अंतर्गत थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सैंडोरा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार अपनी-अपनी बाइकों से करीब 10 से 15 मीटर दूर जा गिरे। मृतक की पहचान शौकत अली पुत्र मोहम्मद अली, निवासी गांव डुप्टा खुर्द के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान हिमांशु पुत्र अखिलेश कुमार, निवासी गांव ब्यौरा के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर थाना रजपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल हिमांशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों बाइकें पुलिस कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।