संभल में बहन की शादी के बाद एक 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस को सूचना मिलने पर जब टीम मौके पर पहुंची, तो शव को दफनाने की तैयारी चल रही थी। घटना रविवार शाम लगभग 4 बजे थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला जगत की है। किशोर की पहचान 16 वर्षीय हमजा पुत्र मुकीम खान उर्फ चांद के रूप में हुई है। रविवार को हमजा की बहन शाजिया का निकाह था। बैंक्विट हॉल से बहन की विदाई के बाद हमजा मां शकीला से घर की चाबी लेकर पहुंचा था। बताया जा रहा है परिवार और मोहल्ले के लोगों ने घटना को लगभग चार घंटे तक छिपाए रखा। कुछ लोगों ने पंजू सराय पुलिस चौकी पर किशोर द्वारा आत्महत्या करने की सूचना दी। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी पुलिस बल के साथ हमजा के घर पहुंचे। वहां पहुंचकर पुलिस ने देखा कि किशोर के शव को दफनाने की तैयारी चल रही थी, जिस पर पुलिस चौंक गई। थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी फॉरेंसिक टीम और उच्च अधिकारियों को दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता मुकीम खान उर्फ चांद ने बताया कि घर में बेटी शाजिया की शादी थी। शादी का कार्यक्रम मंडप में चल रहा था और हमजा भी वहीं काम कर रहा था। अचानक वह वहां से कब चला गया, उन्हें पता नहीं चला। उन्हें लगा कि वह कहीं आसपास होगा। पिता ने बताया कि बाद में मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली कि बेटे ने फांसी लगा ली है। जब वे घर पहुंचे, तो हमजा पलंग पर पड़ा था। मोहल्ले के लोगों ने उसे फांसी के फंदे से उतारा था। मृतक हमजा पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी सबसे बड़ी बहन तशकीला की शादी तीन साल पहले गांव सलारपुर निवासी हसन से हुई थी। आज उसकी दूसरी बहन शाजिया का निकाह था। हमजा से छोटे दो भाई-बहन सीनम (10 वर्षीय) और इब्राहिम (7 वर्षीय) हैं। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि किशोर के द्वारा सुसाइड करने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने की तैयारी कर ली गई है।