संभल पुलिस ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरफ्तारी घटना के 24 घंटे के भीतर हुई है। मुख्य आरोपी भाई और उसका एक बेटा अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। यह विवाद मां को मिल रही पेंशन के हिस्से को लेकर तीन भाइयों के बीच चल रहा था। मां दो बेटों के साथ रहती हैं, जबकि एक बेटे को नजरअंदाज किया जा रहा था। घटना संभल जनपद के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के गांव राजी खेड़ा में हुई। बीते 2 मार्च को गांव निवासी 56 वर्षीय संजीव कुमार त्यागी की हत्या उसके छोटे भाई बृजकिशोर ने गोली मारकर कर दी थी। वारदात के बाद बृजकिशोर अपने दो बेटों और पत्नी के साथ फरार हो गया था। मृतक के सबसे छोटे भाई नवीन की शिकायत पर पुलिस ने बृजकिशोर, उसके बेटों अर्पित और छोटू, तथा पत्नी सपना के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। मंगलवार को घटना के 24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी बृजकिशोर की पत्नी सपना और बेटे अर्पित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी लवनीश कुमार ने बताया कि संजीव कुमार की हत्या के मामले में बृजकिशोर की पत्नी सपना और बेटे अर्पित को जेल भेजा गया है। अन्य दो आरोपी, बृजकिशोर और उसका बेटा छोटू, अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2006 में मृतक संजीव कुमार के अध्यापक पिता की मृत्यु के बाद उनकी मां ओमवती देवी को पेंशन मिल रही है। वर्तमान में उन्हें 20,000 रुपये मासिक पेंशन मिलती है। हत्यारोपी भाई बृजकिशोर पिछले 20 सालों की पेंशन का हिसाब मांग रहा था और उसमें अपना हिस्सा चाहता था। हत्या की घटना से एक दिन पहले रिश्तेदारों के यहां एक पंचायत हुई थी, जिसमें मां ने बृजकिशोर के साथ रहने और उसे पेंशन का हिस्सा देने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर विवाद गहराया और हत्या की वारदात हुई। आपको बता दें कि तीनों भाइयों के पास 35-35 बीघा भूमि है, मृतक संजीव और हत्यारा बृजकिशोर खेती करते हैं, जबकि सबसे छोटा भाई नवीन खेती के साथ एलआईसी का एजेंट भी है। मृतक का बेटा योशित गुड़गांव में प्रोजेक्ट मैनेजर है, एक बेटी की शादी हो चुकी है। भाई नवीन को आने बताया कि खाली पड़े प्लॉट में अपने पशु खोलने के लिए जाते समय मेरे बड़े भाई बृजकिशोर ने सबसे बड़े भाई संजीव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि अपने भाई की दर की वजह से वह अमरोहा के कस्बा हसनपुर में रहता है घटना की जानकारी मिलने के बाद वह गांव आया था।