संभल में गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास जंगल में एक मृत गोवंश मिलने के बाद भ्रामक सूचना फैलाने का प्रयास किया गया। पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की जांच में सामने आया कि गोवंश की मौत चार दिन पहले हुई थी और उसे कुत्तों ने नोंच डाला था। पुलिस अब गलत सूचना प्रसारित करने वालों की जांच कर रही है। उक्त घटना जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव विसारु के जंगल की है। बुधवार शाम करीब 5 बजे गांव राजा के मझोला निवासी देवेंद्र, गौरव और भुवनेश ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी कि गोवंश की हत्या कर उसका कटान करने का प्रयास किया गया है। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना पुलिस को जानकारी दी गई। बहजोई सीओ डॉ. प्रदीप कुमार और इंस्पेक्टर संत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी तेज प्रताप सिंह को भी बुलाया। सूचना देने वाले युवकों की मौजूदगी में मृत गोवंश की जांच कराई गई। जांच के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी ने पुष्टि की कि गोवंश की मौत तीन से चार दिन पहले हुई थी। कटान की कोई पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद मृत गोवंश को एक बड़ा गड्ढा खोदकर नियमानुसार दफना दिया गया। इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि मौके पर कटान का कोई सबूत नहीं मिला। पशु चिकित्सा अधिकारी ने मौत की पुरानी तारीख की पुष्टि की है। पुलिस अब उन लोगों की जांच कर रही है जिन्होंने गलत तरीके से सूचना प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।