संभल में मेढ़ विवाद को लेकर मारपीट, पथराव:6 लोग घायल, एक महिला जिला अस्पताल रेफर

संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में मेढ़ विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस घटना में दोनों पक्षों से 6 लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव करेला करेली में हुई। शेर सिंह पुत्र बेदराम और उदल सिंह पुत्र डालचंद के परिवारों के बीच यह विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट और पथराव में बदल गया। शेर सिंह के पक्ष से उनकी पत्नी वीरवती, भाभी सुराजवती (भूप सिंह की पत्नी), बेटी नीरज और बेटा रवि घायल हुए। वीरवती को पथराव के दौरान गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष से महेंद्र पुत्र दलसिंह, उनके बड़े भाई महेश और पिता डालचंद घायल हुए। महेंद्र को गंभीर चोटें आने पर परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महेंद्र ने बताया कि मेढ़ के विवाद के चलते उनके घर पर पथराव किया गया। वहीं, शेर सिंह ने बताया कि उनका बेटा रवि सुबह घर के बाहर डंडा लेकर घूम रहा था, तभी दूसरे पक्ष ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। जब वे बचाव में पहुंचे, तो उन पर पथराव किया गया। प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव करेला करेली में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। शेर सिंह की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।