संभल में रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट:बुजुर्ग महिला समेत तीन घायल, घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला

संभल में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पूर्व में समझौता होने के बावजूद हुए इस झगड़े में एक बुजुर्ग महिला और उनके बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामला तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव धनीपुर का है। रविवार सुबह आरोप है कि गांव निवासी नेत्रपाल उर्फ भोले पुत्र मुलायम सिंह, सियाराम पुत्र बाबूराम, राजू पुत्र सेवाराम और मदनपाल पुत्र ऋषिपाल ने मोहरपाल पुत्र जयवीर के घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित मोहरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मारपीट में उनकी बुजुर्ग मां नेक्सी देवी, भतीजे रविकांत और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों के अनुसार, 12 सितंबर 2025 को दोनों पक्षों के बीच 20 फुट चौड़े रास्ते को 16 फुट पर तय करने का समझौता हुआ था। इसके बावजूद आरोपी पक्ष आए दिन विवाद करता रहता था। वायरल वीडियो में आरोपी पक्ष ईंट-पत्थर फेंकते हुए नजर आ रहा है, जबकि पीड़ित पक्ष जान बचाकर भागता दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। एक पक्ष की शिकायत प्राप्त हुई है, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।