संभल में एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह अपनी बेटी की ससुराल से दामाद के साथ लौट रही थी, तभी बाइक से सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे कुचल दिया। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के थाना रजपुरा कस्बा क्षेत्र में हुई। मृतक महिला की पहचान माया देवी (50) पत्नी ननूकी, निवासी गांव पानीबाड़ा, थाना रजपुरा के रूप में हुई है। वह अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के खरपड़ी गांव में अपनी बेटी के घर गई थीं। मंगलवार शाम करीब 5 बजे वह अपने दामाद हेमराज के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। रजपुरा कस्बे में कायनात स्कूल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे माया देवी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें कुचल दिया। दामाद और अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन दूसरी बाइक का सवार रुका नहीं और मौके से फरार हो गया। महिला को तत्काल गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में महिला की मौत की सूचना मिलने पर एसआई विनोद कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और बाइक सवार की तलाश का आश्वासन दिया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस दूसरी बाइक पर सवार युवक की तलाश कर रही है।