लखनऊ के निशातगंज में कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाले व्यापारी के साथ सऊदी अरब की करेंसी दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने असली विदेशी नोट दिखाकर भरोसा जीता और सौदे के नाम पर व्यापारी से दो लाख रुपए लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने निशातगंज थाने में तहरीर दी है। निशातगंज सब्जी मंडी स्थित पांचवीं गली निवासी गुल्लू सोनकर पुल के नीचे कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं। गुल्लू ने बताया कि 14 नवंबर को एक युवक दुकान पर आया और सामान खरीदने के बाद बातचीत में बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करता है और कूड़े में उसे सऊदी अरब की करेंसी मिली है। युवक ने 50-50 रियाल के दो नोट दिखाते हुए भारतीय करेंसी के बदले इसे बेचने की बात कही। करेंसी एक्सचेंज शॉप पर दिखाया गुल्लू ने नोटों की जांच के लिए अमीनाबाद के करेंसी एक्सचेंज शॉप पर दिखाया। दुकानदार ने नोटों को बदलकर 2200 रुपए दिए। असली नोट मिलने पर गुल्लू ने युवक से फोन करके बातचीत की। अखबार का बंडल थमाकर भागे अगले दिन युवक ने बताया कि उसके पास 300 और नोट हैं और सौदा तय करने के लिए एसएसपी ऑफिस के पीछे मिलने को कहा। गुल्लू तय समय पर 2 लाख रुपए लेकर मौके पर पहुंचा। वहां युवक अपने साथी के साथ मिला और कपड़े में बंधा नोटों का बंडल गुल्लू को थमा दिया। जैसे ही गुल्लू बंडल खोलना लगा। दोनों युवक उनका पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गुल्लू ने कपड़े में बंधा बंडल खोला पीड़ित ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए। गुल्लू ने कपड़े में बंधा बंडल खोला तो उसमें अखबार के रोल मिले। पीड़ित ने दोनों मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया मगर नंबर बंद मिले। इसके बाद पीड़ित ने वजीरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। वजीरगंज इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।