सजेती के बाजार में पड़ा मिला वृद्ध:पुलिस ने पहुंचाया घाटमपुर सीएचसी, डॉक्टर ने किया मृत घोषित; पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घाटमपुर सर्किल क्षेत्र के सजेती थाना अंतर्गत बरीपाल बाजार में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वृद्ध सड़क किनारे पड़ा मिला। व्यापारियों और स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही अचेत अवस्था में पड़े बुजुर्ग पर पड़ी, मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। काफी देर तक कोई हरकत न होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल वृद्ध को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बम्हौरी गांव निवासी शिवराम (65) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वृद्ध बाजार क्षेत्र में कब और कैसे पहुंचे, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है। कुछ लोगों का कहना है, कि सुबह-सुबह वह बाजार की ओर आते देखे गए थे, जबकि अन्य का मानना है कि रात में ही उनकी तबीयत बिगड़ी होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। घटना की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत नहीं हो रहा है, लेकिन एहतियातन शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।