सजेती थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम करीब एक बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के सैजना गांव निवासी रवि (पुत्र तुलसीराम), लवकुश (पुत्र अखिलेश) और उमेश (पुत्र राकेश) एक बाइक से घाटमपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आनूपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे आनूपुर निवासी शैलेन्द्र (पुत्र राजनारायण) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सजेती पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है और मामले में तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।