सड़क हादसे में बी-फार्मा छात्र समेत दो की मौत:कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर स्कूटी सवार को मारी टक्कर, रेलबाजार में अज्ञात वाहन ने रौंदा

कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार बीफार्मा छात्र और उसके साथी को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों छात्रों को गंभीर अवस्था में मंधना स्थित रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। कन्नौज के ठठिया जड़ेरा गांव निवासी उमेश राजपूत का 22 वर्षीय इकलौता बेटा विकास मंधना स्थित महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन से बीफार्मा अंतिम वर्ष का छात्र था। परिवार में मां गीता और छोटी बहन रागिनी है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात विकास अपने साथी दीपक राजपूत के साथ काम से कल्याणपुर आया था। दोनों स्कूटी से कालेज से लौट रहे थे। नारामऊ के पास तेज गति वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे दोनों छात्र उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर उन्हें मंधना स्थित रामा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां विकास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बिठूर थाना प्रभारी प्रेमचंद नारायण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। वाहन और चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत रेलबाजार में सीओडी पुल के पास अज्ञात वाहन ने मंगलवार खाड़ेपुर निवासी 46 वर्षीय पवन सविता को टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर उन्हें उर्सला में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। चचेरे भाई विकास ने बताया कि पवन रूमा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। नशे के लती थे और कई दिनों तक घर नहीं गए थे। परिवार में पत्नी व तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।