उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा जारी किए गए ‘पीडीए पंचांग’ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कुशीनगर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने सपा पर निशाना साधा है। बुधवार को दुर्गेश राय ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि सपा सत्ता की लालसा में समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे देश और प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते सपा नेतृत्व कब देश विरोधी भाषा का प्रयोग करने लगता है, यह उन्हें खुद भी समझ नहीं आता। उन्होंने ‘पीडीए’ नारे को गलत बताते हुए कहा कि यह समाज को जोड़ने के बजाय विभाजन को बढ़ावा देता है। दुर्गेश राय ने यह भी आरोप लगाया कि सपा की ‘पीडीए पंचायतों’ में पिछड़े, दलित और अगड़े समाज के महापुरुषों के नामों का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें वास्तविक सम्मान की भावना का अभाव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘पीडीए पंचांग’ जारी कर सपा अपने राजनीतिक ‘ग्रह गोचर’ सुधारने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता इन प्रयासों को भली-भांति समझती है।